NCHM JEE 2026: होटल मैनेजमेंट कोर्स में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, यहां देखें पूरी डिटेल
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (NCHM JEE) 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह परीक्षा देश के शीर्ष होटल मैनेजमेंट संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
परीक्षा शुल्क और पात्रता
NCHM JEE 2026 परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है। सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये है। ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 700 रुपये और एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 450 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
परीक्षा पैटर्न और महत्वपूर्ण तिथियां
NCHM JEE 2026 परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में न्यूमेरिकल एबिलिटी, एनालिटिकल एप्टीट्यूड, रीजनिंग, सामान्य जागरूकता, करंट अफेयर्स और अंग्रेजी विषयों से कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए चार अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
