धुरंधर फिल्म के गाने पर ट्रोलर्स की जंग, Krystle Dsouza ने आयशा खान से तुलना पर दिया करारा जवाब
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की कहानी और गानों की भी खूब चर्चा हो रही है, खासकर आइटम सॉन्ग ‘शरारत’ की। इस गाने में टीवी एक्ट्रेसेस क्रिस्टल डिसूजा और आयशा खान ने परफॉर्म किया है। दोनों के डांस मूव्स को दर्शकों ने पसंद किया, लेकिन सोशल मीडिया पर दोनों अभिनेत्रियों के फैंस आपस में भिड़ गए। कुछ लोगों ने क्रिस्टल की तुलना आयशा से की और आयशा को उनसे बेहतर बताया। इस तुलना पर अब क्रिस्टल डिसूजा ने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
क्रिस्टल डिसूजा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा कि ट्रोलर्स उन्हें आयशा के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। एक्ट्रेस ने कहा, “चार महिलाएं एक साथ आई हैं, और यह ‘शरारत’ की सबसे अच्छी बातों में से एक है। मैं ट्रोल्स को यह कहते हुए देखती हूं, ‘उन्होंने (आयशा) दूसरों से बेहतर किया’। लेकिन बात उस बारे में नहीं है। किसे फर्क पड़ता है? गाने का मजा लो और मजे करो।”
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि किसी की तारीफ करने के लिए दूसरे इंसान को नीचा दिखाना गलत है। उन्होंने कहा, “यह बहुत दुख की बात है कि किसी की तारीफ करने के लिए, आप दूसरे इंसान को नीचे गिरा देते हैं। मुझे उन लोगों के लिए दुख होता है जो ऐसा करते हैं। वे यह नहीं समझते कि हर किसी का अपना टैलेंट होता है और उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। हम सब कड़ी मेहनत करते हैं और साल दर साल लगातार अच्छा करने की कोशिश करते हैं।”
क्रिस्टल ने कहा कि ऐसे कमेंट्स करके पूरी कम्युनिटी को सालों पीछे धकेल रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से एक-दूसरे को सपोर्ट करने की अपील की। उन्होंने कहा, “एक महिला होने के नाते, हम कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं कि दूसरी महिला को सपोर्ट करें। अगर वे सपोर्ट नहीं कर सकतीं, तो उन्हें चुप रहना चाहिए। हमें एक-दूसरे को आगे बढ़ाना चाहिए और एक-दूसरे का साथ देना चाहिए। सपोर्ट करने वाली महिलाओं से भरी दुनिया बहुत खूबसूरत होती है।”
