0

Moradabad news: रिकॉर्ड कमाई के बावजूद 2025 में नहीं शुरू हो पाई MDA की कोई नई हाउसिंग स्कीम

By Dec 26, 2025

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों और संघर्षों के बीच गुजरा। एक ओर प्राधिकरण ने वर्षों बाद मजबूत लैंड बैंक तैयार कर भविष्य की योजनाओं की नींव रखी, वहीं दूसरी ओर आमजन का सबसे बड़ा सपना सस्ता और नियोजित घर पूरे साल अधूरा ही रहा। प्राधिकरण ने वित्तीय मोर्चे पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। माडल भवन उपविधि और माडल जोनिंग रेगुलेशन्स–2025 लागू होने के बाद नक्शा स्वीकृति और शमन से 43.54 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक आय अर्जित की।

अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने में विफलता

शहर में अवैध कालोनियों और निर्माण पर प्रभावी अंकुश लगाने में एमडीए नाकाम रहा, जिससे नियोजित विकास के दावों पर सवाल भी खड़े हुए। हालांकि, साल 2025 में एमडीए ने कुछ अहम बुनियादी और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य पूरे किए। दिल्ली रोड पर पीतलनगरी की पहचान को मजबूत करने के लिए भव्य प्रवेश द्वार बनाया गया। वेस्ट टू वंडर पार्क का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचा। कांठ रोड स्थित आशियाना कालोनी को आंबेडकर पार्क की सौगात मिली। 24 मीटर चौड़ी सड़क के जरिए कांठ रोड को दिल्ली मार्ग से जोड़ने से यातायात को बड़ी राहत मिली।

लैंड बैंक तैयार, पर योजनाएं अटकीं

सबसे अहम उपलब्धि एमडीए का लैंड बैंक है। वर्षों तक जमीन के अभाव से जूझ रहे प्राधिकरण के पास अब करीब ढाई हजार बीघा जमीन है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत शिवालिक नगर और गोविंदपुरम टाउनशिप के लिए 137 एकड़ भूमि खरीदी गई। इसमें से 67.1 एकड़ पर गोविंदपुरम योजना का लेआउट तैयार कर बोर्ड से अनुमोदन और रेरा पंजीकरण की औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। बावजूद इसके, 2025 में एक भी नई आवासीय कॉलोनी जनता के लिए लांच नहीं हो सकी। दिल्ली रोड पर 22 साल बाद प्रस्तावित गोविंदपुरम टाउनशिप की लांचिंग अब नए साल में होने की उम्मीद है।

मेगा शिवालिक टाउनशिप भी 2025 में चर्चाओं में रही। दिल्ली रोड के 11 गांवों की 1250 हेक्टेयर जमीन पर प्रस्तावित इस परियोजना के पहले चरण के लिए विरोध झेलने के बाद एमडीए ने 100 हेक्टेयर जमीन खरीद ली है। हालांकि इसका पहला फेज भी नए साल से पहले लांच नहीं हो सका। शहर के पश्चिमी विस्तार में विकसित हो रही सह्याद्रि टाउनशिप अभी तक रेरा में भी नहीं जा सकी है। वर्ष 2011 से कानूनी उलझनों में फंसी यह योजना अब दोबारा पटरी पर लौटी है। एमडीए का लक्ष्य है कि पहले गोविंदपुरम और फिर सह्याद्रि टाउनशिप की बुकिंग 2026 में खोली जाए।

2026 में भरोसा कायम करने की चुनौती

कुल मिलाकर 2025 एमडीए के लिए तैयारी और दावों का साल रहा, लेकिन आवासीय योजनाओं के धरातल पर उतरने का इंतजार अब भी है। बढ़ती आबादी और अवैध निर्माण के दबाव के बीच 2026 में एमडीए के सामने भरोसा कायम करने की बड़ी चुनौती होगी।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

MDA को रिकॉर्ड कमाई, पर Moradabad news में जनता को हाउसिंग स्कीम का इंतजार

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों और चुनौतियों से भरा रहा। एक ओर जहां प्राधिकरण ने वित्तीय मोर्चे पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया और भविष्य की योजनाओं के लिए बड़ा लैंड बैंक...
By Dec 26, 2025

साझा करें