सीमा पर घुसपैठ अलर्ट: पठानकोट बॉर्डर पर जारी है सर्च ऑपरेशन
पठानकोट के सरहदी इलाकों में सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के साथ मिलकर पुलिस जिले के संवेदनशील बॉर्डर एरिया में जॉइंट सर्च ऑपरेशन कर रही है। वीरवार को भी पहाड़ीपुर और उज्ज नदी के किनारे गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा एजेंसियों को सीमा पार से घुसपैठ की आशंका से संबंधित इनपुट मिले हैं, जिसके बाद से पिछले एक सप्ताह से यह अभियान जारी है।
पुलिस हाई अलर्ट पर है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इंस्पेक्टर ऑपरेशन गुलशन कुमार और थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी कुलदीप राज के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के निर्देशानुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह रूटीन तलाशी अभियान है।
स्थानीय लोगों, विशेषकर खेतों में काम करने वाले किसानों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या सरपंच को देने के लिए कहा गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम हो गई है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्र की संवेदनशीलता बढ़ गई है। ऐसे में सुरक्षा बलों द्वारा एहतियाती तौर पर यह संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसके आगे भी जारी रहने की संभावना है।
