CM Yuva Udymi Yojana: 828 आवेदन निरस्त होने पर DM-CDO नाराज, बैंकों से मांगी रिपोर्ट
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना (CM Yuva Udymi Yojana) के तहत ऋण के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को बैंकों से बड़ा झटका लगा है। जनपद में बैंकों ने 828 युवाओं के आवेदन पत्र निरस्त कर दिए हैं। बैंकों ने इसके पीछे आवेदनों में मानकों का पूरा न होना कारण बताया है। मंगलवार को जनपद स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में जब यह जानकारी सामने आई तो जिलाधिकारी (DM) और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
अधिकारियों ने इतनी बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त होने पर बैंकों से अलग से समीक्षा रिपोर्ट तलब की है। डीएम प्रणय सिंह और सीडीओ वीरेंद्र सिंह ने बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की स्थिति की समीक्षा की। उपायुक्त उद्योग चंद्रभान भास्कर ने बताया कि जनपद के लिए 1700 आवेदनों का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 1540 आवेदन बैंकों को भेजे गए थे। इनमें से 538 में ऋण स्वीकृत हुआ और 533 में ऋण वितरण किया गया। हालांकि, बैंकों ने 828 आवेदन पत्र निरस्त कर दिए।
डीएम ने बैंकों के स्तर पर निरस्त हुए आवेदनों के मामले में 29 दिसंबर को समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिए हैं। इस बैठक में ऋण वितरण और स्वीकृत के लिए लंबित आवेदन पत्रों पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा में भी प्रगति धीमी पाई गई। जनपद के लिए 149.00 लाख रुपये के वित्तीय लक्ष्य के मुकाबले अब तक 32 आवेदन पत्रों पर 73.75 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है। अधिकारियों ने दिसंबर तक इस लक्ष्य को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में नए औद्योगिक आस्थान विकसित करने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त उद्योग ने सहावर और कासगंज तहसील में चिह्नित भूमि की जानकारी दी, जिस पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने उपजिलाधिकारी सहावर से ग्राम सभा का प्रस्ताव प्राप्त करने के निर्देश दिए।
