दिल्ली में आवारा कुत्तों का आतंक, स्कूल से लौट रही छात्रा पर हमला, हाथ टूटा (Delhi news)
देश की राजधानी दिल्ली में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। किराड़ी गांव में बृहस्पतिवार को स्कूल से लौट रही 12 वर्षीय छात्रा पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। छात्रा काव्या शर्मा पर हुए इस हमले में उसका हाथ टूट गया और पैर पर गहरे जख्म आए हैं। बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह घटना दिल्ली नगर निगम (MCD) के रोहिणी जोन में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। पिछले छह महीनों में इस क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले की यह चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 जून को पूठ कलां में एक बच्ची की कुत्ते के हमले के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 24 नवंबर को भी एक बच्चे पर पिटबुल ने हमला किया था।
पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी एमसीडी रोहिणी जोन में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन निगम ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। इस लापरवाही के कारण क्षेत्र में बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की है।
