अतिक्रमण हटाने गई छावनी टीम पर हमला, सरकारी काम में बाधा डालने पर FIR दर्ज, Agra news
आगरा छावनी परिषद की टीम पर अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला हुआ है। सदर बाजार क्षेत्र में एक व्यापारी और उसके समर्थकों ने टीम के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। यह घटना तब हुई जब टीम ने एक दुकान के बाहर रखी डमी को जब्त किया। छावनी परिषद ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
छावनी परिषद के कार्यालय अधीक्षक कुलविंदर सिंह ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 18 दिसंबर को प्रवर्तन टीम सदर बाजार में अतिक्रमण हटा रही थी। इसी दौरान टीम ने एक व्यापारी को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी, लेकिन व्यापारी ने इसे नजरअंदाज कर दिया। जब टीम ने डमी को जब्त कर लिया और उसे ले जाने लगी, तभी व्यापारी और उसके बेटे ने टीम के साथ अभद्रता और हाथापाई शुरू कर दी।
आरोप है कि व्यापारी और उसके समर्थकों ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की, जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। उन्होंने जबरन डमी छीन ली और मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों के सामने भी दोबारा मारपीट की। हालांकि, व्यापारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। सदर इंस्पेक्टर विजय विक्रम ने बताया कि छावनी परिषद की तहरीर पर जांच की जा रही है।
