आगरा में UP Board Exam 2026 के लिए बड़ा फैसला, 8 परीक्षा केंद्र सूची से बाहर
आगरा में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जिला समिति की बैठक के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय ने आठ विद्यालयों को परीक्षा केंद्र की सूची से हटा दिया है, जबकि दो नए विद्यालयों को जोड़ा गया है।
डीआईओएस कार्यालय द्वारा जारी नए केंद्र सलाह के अनुसार, शाहगंज स्थित चित्रगुप्त उच्च माध्यमिक विद्यालय और अनवरी निलोफर कन्या इंटर कॉलेज को UP Board Exam 2026 के लिए नया केंद्र बनाया गया है। ये दोनों विद्यालय सहायता प्राप्त श्रेणी के अंतर्गत पात्र पाए गए हैं।
वहीं, केंद्र हटाने की सलाह के तहत जिले के आठ विद्यालयों को बोर्ड स्तर से जारी 160 केंद्रों की सूची से हटा दिया गया है। इनमें कलेक्ट्रेट स्थित होलमैन इंस्टीट्यूट हाईस्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खेरागढ़, मुफीद-ए-आम इंटर कालेज, श्री पीतम सिंह इंटर कालेज दूरा, श्रीराम इंटर कालेज कराही (फतेहपुर सीकरी), श्री पदम सिंह इंटर कालेज अभेदौपुरा, श्री जगदीश स्मारक इंटर कालेज सुरौठी और श्री बलवीर सिंह इंटर कालेज गढ़ी सहजा महावतपुर के नाम शामिल हैं।
इन विद्यालयों को हटाने के पीछे मुख्य कारण भौतिक संसाधनों की कमी, अपूर्ण परीक्षा मानक और पूर्व वर्षों की प्रशासनिक जांच रिपोर्ट हैं। राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों को संसाधनों के अभाव में हटाया गया है, जबकि वित्तविहीन विद्यालयों को मानकों के उल्लंघन के आधार पर सूची से बाहर किया गया है। डीआईओएस चंद्र शेखर ने स्पष्ट किया है कि ये संशोधन अंतिम माने जाएंगे और इन्हीं के आधार पर वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
