Patiala news: गेड़ी रूट पर हुड़दंग मचा रहे युवकों पर पुलिस का एक्शन, करवाई उठक-बैठक
पंजाब के पटियाला शहर में वाईपीएस मार्केट के पास ‘वेहली गेड़ी रूट’ पर हुड़दंग मचा रहे युवकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने इन युवकों को रोककर न केवल फटकार लगाई, बल्कि उन्हें अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया।
यह कार्रवाई शुक्रवार रात तकरीबन आठ बजे के बाद की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, शहर के विभिन्न कॉलेजों में पढ़ने वाले युवक और उनके दोस्त शाम होते ही बाइक और अन्य वाहनों पर गेड़ी लगाते हुए वाईपीएस इलाके में घूम रहे थे। स्थानीय निवासियों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन युवकों को राउंडअप किया।
जांच में सामने आया कि सभी युवक छात्र हैं और बिना किसी ठोस कारण के सड़कों पर घूमते हुए शोर-शराबा करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय शोर-शराबा, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आम राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
युवकों के छात्र होने को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने उन्हें चेतावनी देने का फैसला लिया। मौके पर ही पुलिस ने सभी युवकों की उठक-बैठकें लगवाईं और उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
