0

लुधियाना: मतगणना के बाद खन्ना में भड़का बवाल, अकाली कार्यकर्ताओं ने NH किया जाम; पुलिस ने बरसाईं लाठियां

By Dec 18, 2025

लुधियाना के खन्ना में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना बुधवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। दिनभर शांतिपूर्ण ढंग से चली मतगणना शाम ढलते ही तनाव और हंगामे में तब्दील हो गई।

चुनावी नतीजों में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) ने बढ़त बनाते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि कांग्रेस दूसरे और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) तीसरे पायदान पर रहा। ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस ने कड़ी टक्कर दी, वहीं शिअद ने एक बार फिर अपनी खोई जमीन वापस पाने के संकेत दिए हैं।

खन्ना के एएस माडर्न स्कूल में चल रही मतगणना के दौरान रात करीब नौ बजे अकाली दल कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच तीखी बहस हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने शिअद के हलका इंचार्ज यादविंदर यादू को हिरासत में ले लिया। इससे नाराज अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही एसपी हरपिंदर कौर गिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों के नहीं मानने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका। इस दौरान कुछ अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें