आगरा में बाजरा खरीद केंद्र पर हंगामा: किसानों ने लगाया 200 रुपये प्रति क्विंटल वसूली का आरोप, SDM ने सील किया गोदाम
आगरा के खेरागढ़ स्थित गल्ला मंडी में बाजरा क्रय केंद्र पर बुधवार सुबह किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही हैं। उनका दावा था कि गोदाम के शटर बंद करके अंदर ही अंदर तौल की जा रही थी और प्राइवेट कट्टों से बाजरा सरकारी कट्टों में भरा जा रहा था।
विरोध कर रहे किसानों की मंडी निरीक्षक (एमआई) विकास जयंत और उनके सहायक से तीखी झड़प हुई। किसानों ने आरोप लगाया कि तौल के नाम पर उनसे प्रति कुंतल 200 रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी। विरोध करने पर किसानों के साथ बदसलूकी की जा रही थी।
हंगामे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार और एसडीएम ऋषि राव मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ते देख खेरागढ़ पुलिस बल भी तैनात किया गया। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष और कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह सिकरवार भी किसानों के समर्थन में क्रय केंद्र पहुंचे और एमआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि क्रय केंद्र पर लक्ष्य पूरा होने का पोस्टर लगाकर तौल बंद कर दी गई थी, जबकि अंदर चोरी-छिपे तौल जारी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ऋषि राव ने गोदाम में भरे बाजरे को सील करने के निर्देश दिए। फिलहाल उच्च अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और किसानों का प्रदर्शन जारी है।
