तमिलनाडु में दर्दनाक हादसा: स्कूल की दीवार गिरने से मासूम छात्र की मौत, CM ने किया मुआवजे का ऐलान, विपक्ष ने घेरा सरकार
तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में एक सरकारी स्कूल में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। 7वीं कक्षा के एक मासूम छात्र की मौत हो गई, जब स्कूल की जर्जर दीवार अचानक ढह गई। यह हादसा उस समय हुआ जब बच्चे क्लास के बाहर बैठकर मिड-डे मील खा रहे थे। इस घटना में एक अन्य छात्र घायल हो गया, जबकि दो अन्य छात्र बाल-बाल बच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। तिरुवल्लुर जिलाधिकारी ने बताया कि पब्लिक वर्क डिपार्टमेंट के अधिकारियों को तत्काल बिल्डिंग के ढांचे की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसे खतरों को टाला जा सके। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार को 3 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
इस हादसे ने सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर की बदहाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष ने इस मुद्दे पर सत्ताधारी DMK सरकार को आड़े हाथों लिया है। AIADMK के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कहा कि सरकार को केवल नारों और समारोहों पर पैसा खर्च करने के बजाय, सरकारी स्कूलों के निर्माण और रखरखाव पर ध्यान देना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर समय रहते रखरखाव किया जाता तो इस दुखद जानमाल के नुकसान से बचा जा सकता था।
