0

माघ मेले में बालिकाओं को मिलेगी शिक्षा की ‘उड़ान’, एजुकेट गर्ल्स संस्था ने शुरू की नई पहल

By Dec 17, 2025

बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत संस्था एजुकेट गर्ल्स ने मंगलवार को अपना 18वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की थीम ‘उसकी मुस्कान से उड़ान तक’ रही। यह आयोजन उन बालिकाओं की प्रेरणादायक यात्रा का प्रतीक था, जिन्होंने शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को दिशा दी। इस मौके पर बालिका शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक बदलाव की दिशा में संस्था के प्रयासों को रेखांकित किया गया।

संस्था ने जानकारी दी कि कुंभ की तरह इस बार लगने वाले माघ मेले में भी विद्या कुंभ अस्थायी विद्यालय संचालित होंगे। इसके साथ ही, एजुकेट गर्ल्स को 2025 का रेमन मैग्सेसे पुरस्कार मिलने की जानकारी भी साझा की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान संस्था के जमीनी कार्यों और बालिकाओं के जीवन में लाए गए परिवर्तन की वैश्विक मान्यता का प्रतीक है।

मुख्य अतिथि यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कहा कि संस्था के प्रयास से बालिकाओं की शिक्षा में आने वाली चुनौतियों का समाधान हो रहा है। इससे कौशल विकास को बल मिल रहा है और बेहतर समाज के निर्माण में मदद मिलेगी। विशिष्ट अतिथि बीएसए अनिल कुमार ने भी संस्था के कार्यों को सराहा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान विद्या कुंभ विद्यालय के संचालन में एजुकेट गर्ल्स ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया था।

एजुकेट गर्ल्स की सीईओ गायत्री नायर लोबो ने कहा कि जब सरकार, समुदाय और संस्थाएं साझा उद्देश्य के साथ मिलकर कार्य करती हैं, तब शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनती है। समारोह के दौरान समूह परिचर्चा भी हुई, जिसमें दूर दराज से आई छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर ‘मुस्कान –स्टोरी ऑफ होप’ का विमोचन भी किया गया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें