कोहरे का कहर: दिल्ली-हावड़ा रूट पर थमी VIP ट्रेनों की रफ्तार, घंटों लेट चल रहीं राजधानी एक्सप्रेस
उत्तर भारत में कोहरे का असर अब दिखने लगा है, जिसका सर्वाधिक असर राजधानी एक्सप्रेस जैसी वीआईपी ट्रेनों पर पड़ रहा है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है, जिससे दिल्ली-हावड़ा रूट पर परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
रविवार को हावड़ा से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस पौने चार घंटे देर से दोपहर 1:48 पर पहुंची, जबकि सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे की देरी से दोपहर 2:05 पर पहुंची। वापसी में भी ट्रेनों की स्थिति खराब रही। नई दिल्ली-सियालदह राजधानी 3 घंटे 43 मिनट और नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी 3 घंटे 53 मिनट देर से आई। कालका-हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस भी एक घंटे 43 मिनट विलंब से पहुंची।
ट्रेनों के विलंब से पहुंचने के कारण नई दिल्ली से चलने वाली दोनों राजधानी एक्सप्रेस भी लेट से रवाना हुईं। नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी शाम 4:50 के बदले 6:15 पर खुली, जबकि नई दिल्ली-सियालदह राजधानी शाम 4:30 के बदले शाम 6:00 बजे खुली। विलंब से प्रस्थान करने के कारण सोमवार को इन ट्रेनों के देर से आने की संभावना है।
भुवनेश्वर से नई दिल्ली के बीच चलने वाली तेजस राजधानी पर भी कोहरे का असर रहा। रविवार को यह ट्रेन सुबह 9:55 के बदले शाम 4:59 पर नई दिल्ली पहुंची। विलंब से पहुंचने के कारण रविवार को नई दिल्ली से खुलने वाली ट्रेन भी रात 10:40 पर रवाना हुई, जिससे सोमवार को यह ट्रेन भी देर से आएगी। धनबाद से कोयंबटूर जाने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी लगभग छह घंटे विलंब से चल रही है।
