वार्षिकोत्सव में जीवंत हुआ ‘मिसाइल मैन’ का सफर, छात्रों ने डॉ. कलाम के जीवन को किया मंच पर प्रस्तुत
सेंट सीएफ एंड्रयूज स्कूल का 22वां वार्षिक समारोह रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ आयोजित किया गया। छात्रों ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन को मंच पर जीवंत किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से सफलता, संस्कार और सामर्थ्य का संदेश दिया गया। विद्यालय का नाम देशभर में रोशन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर पुलिस राम बदन सिंह, सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा, एमडी प्रांजल शर्मा, सुनीता शर्मा, सीए अपूर्वा शर्मा, शिवांजल शर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. सुनील उपाध्याय और उप प्रधानाचार्य रीनू त्रिवेदी ने 165 फीट ऊंचे हाईमास्ट राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण कर किया। राष्ट्रगान के साथ परिसर देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा।
इस वर्ष की थीम महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन पर आधारित रही। छात्रों ने उनकी शिक्षा यात्रा, शपथ ग्रहण, मिसाइल मैन बनने और परमाणु परीक्षणों में योगदान को नृत्य-नाटिका, संवाद और दृश्य-श्रव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि राम बदन सिंह ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन की सराहना की। विशिष्ट अतिथि मानकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी महाराज ने 165 फीट ऊंचे ध्वज को आगरा का सबसे ऊंचा बताते हुए छात्रों से उच्च लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। अध्यक्षीय भाषण में वत्सला प्रभाकर ने संस्कारपरक शिक्षा की प्रशंसा की।
