‘किस किसको प्यार करूं 2’ का पहले दिन का कलेक्शन: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ के सामने फीकी पड़ी कपिल शर्मा की फिल्म?
कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा की चौथी बॉलीवुड फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ 12 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। यह फिल्म 2015 में आई उनकी पहली फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ का सीक्वल है। पहली फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी। इसलिए दर्शकों को इस दूसरे भाग से काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, इस बार फिल्म को रणवीर सिंह की बड़े बजट और दमदार फिल्म ‘धुरंधर’ से कड़ी टक्कर मिल रही है।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो शुरुआती आंकड़े बहुत उत्साहजनक नहीं हैं। Sacnilk की शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के दिन लगभग 1.75 करोड़ रुपये कमाए, जिसमें हिंदी ऑक्यूपेंसी 16.45% थी। सुबह के शो में 5.91% ऑक्यूपेंसी थी, दोपहर के शो में 13.90%, शाम के शो में 17.21% और रात के शो में 28.77% ऑक्यूपेंसी रही।
कपिल शर्मा के फिल्मी करियर को देखें तो उन्होंने अब तक तीन फिल्मों में काम किया है—’किस किसको प्यार करूं’, ‘फिरंगी’ और ‘ज़्विगाटो’। इनमें से उनकी पहली फिल्म सबसे सफल रही थी। ‘फिरंगी’ और ‘ज़्विगाटो’ ने बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन खास नहीं किया था। ‘किस किसको प्यार करूं 2’ की ओपनिंग को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि क्या यह फिल्म अपने पहले भाग (2015) की सफलता को दोहरा पाएगी, जिसने पहले दिन 10.20 करोड़ रुपये कमाए थे।
फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का निर्देशन और लेखन अनुकल्प गोस्वामी ने किया है। फिल्म में कपिल शर्मा के साथ आयशा खान, त्रिधा चौधरी और पारुल गुलाटी मुख्य भूमिकाओं में हैं। मनजोत सिंह और विपिन शर्मा भी फिल्म में महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।
