0

खटीमा में पुरानी रंजिश का खूनी अंत: चाकूबाजी में एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल

By Dec 13, 2025

ऊधम सिंह नगर के खटीमा में शुक्रवार देर रात रोडवेज बस अड्डे के पास पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। इस खूनी विवाद में आश्रम पद्धति विद्यालय के पीछे निवासी 24 वर्षीय तुषार शर्मा की मौत हो गई, जबकि पकड़िया निवासी सलमान और वाल्मीकि बस्ती निवासी अभय गंभीर रूप से घायल हो गए। सलमान की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रात लगभग 9:30 बजे तुषार, सलमान और अभय बस अड्डे के समीप एक चाय की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान गोटिया इस्लामनगर से आए कुछ युवकों के समूह से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही थी। यह कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और फिर चाकूबाजी में बदल गई। हमलावरों ने तीनों युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार किए, जिससे तुषार मौके पर ही ढेर हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुषार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षेत्र में सघन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। तुषार की डेढ़-दो वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी और वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत था। इस अचानक हुई घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में तनाव का माहौल है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें