वृंदावन दर्शन की यात्रा बनी अंतिम यात्रा, 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत
शाहजहांपुर के जलालाबाद से चार दोस्त वृंदावन के दर्शन करने के लिए निकले थे। यह यात्रा उनके लिए आस्था और आनंद का प्रतीक थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मथुरा पहुंचते ही उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा इतना भीषण था कि तीन दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके परिवार वालों के लिए यह खबर किसी वज्रपात से कम नहीं थी। जो बेटे खुशी-खुशी घर से निकले थे, उनकी मौत की खबर सुनकर पूरे इलाके में मातम छा गया। एक दोस्त अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे जलालाबाद को झकझोर कर रख दिया है।
जलालाबाद निवासी राजन गुप्ता अपने साथी नोसारा निवासी निकुंज गुप्ता, सौरभ वर्मा और राजा भारद्वाज के साथ रात करीब नौ बजे वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। मथुरा के थाना राजापुर क्षेत्र में रात के समय उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में राजन, निकुंज व सौरभ की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि राजा की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
