मथुरा की 14 सड़कों को मिलेगी ‘संजीवनी’, 1.72 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प; ग्रामीणों को मिलेगी राहत
मथुरा जिले के ग्रामीण इलाकों की 14 सड़कों की मरम्मत के लिए शासन ने 1.72 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में टूट-फूट का शिकार हो चुकी सड़कों की दशा सुधारने के लिए शासन ने जिले को बड़ी राहत दी है। 14 सड़कों की विशेष मरम्मत योजना को स्वीकृति मिल गई है, जिसके लिए 1.72 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। अब लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि जल्दी ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर जल्द से जल्द इन सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा।
जिले की कई ग्रामीण और संपर्क सड़कों पर लंबे समय से खराब हालत, गड्ढे, बारिश से हुई क्षति और भारी वाहनों के दबाव के चलते आवागमन में लगातार बाधाएं आ रही थीं। ग्रामीणों की शिकायतों और जनप्रतिनिधियों की मांगों के बाद प्रशासन ने इन मार्गों को प्राथमिकता सूची में शामिल करते हुए शासन को प्रस्ताव भेजे थे। शासन स्तर पर समीक्षा के बाद 14 मार्गों की विशेष मरम्मत योजना को हरी झंडी दे दी गई है।
स्वीकृत योजनाओं के तहत विभिन्न सड़कों पर कुल 1.72 करोड़़2 करोड़़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कार्य मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। प्रत्येक परियोजना की निगरानी के लिए टीम गठित होगी, ताकि गुणवत्ता और समय सीमा दोनों सुनिश्चित हो सकें। लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-1) के अधिशासी अभियंता गुलवीर सिंह ने बताया कि अंतिम स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और मरम्मत कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने भी शासन की इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आवागमन में सुगमता आएगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व व्यापारिक परिवहन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
