IndiGo की लापरवाही: उड़ानें रद्द, 5 दिन बाद भी नहीं मिला यात्रियों का सामान, दवाइयां और प्रसाद भी गायब
इंडिगो एयरलाइंस के यात्रियों को उड़ानें रद्द होने के बाद अब सामान के लिए भी इंतजार करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को पांच दिन बाद भी उनका लगेज नहीं मिल पाया है। यह संकट इंडिगो की उड़ानों में लगातार हो रही देरी और रद्द होने के कारण पैदा हुआ है।
गुजरात के सूरत निवासी किरण और विभा गांधी तीन दिसंबर को वाराणसी से खजुराहो होते हुए आइजीआइ एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां से उनकी उड़ान उसी दिन सूरत के लिए थी, लेकिन उड़ान रद हो गई। इसके बाद पांच दिसंबर के लिए रिशेड्यूल किया गया। जब वे पांच दिसंबर को एयरपोर्ट पहुंचे, तो पता चला कि इंडिगो के यात्रियों को टर्मिनल के भीतर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। कस्टमर केयर से कई बार संपर्क करने के बाद उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनका सामान घर पर पहुंचा दिया जाएगा, लेकिन उड़ान कब मिलेगी, इसका कोई उत्तर नहीं मिला। किरण और विभा सूरत से तीर्थाटन के लिए निकले यात्रियों के उस जत्थे में शामिल हैं, जिसमें करीब 15 लोग और हैं। इनमें से किसी को भी अभी तक सामान नहीं मिला है। किरण की पत्नी विभा ने बताया कि लगेज में उनकी जरूरी दवाइयां और काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद था, जो उन्होंने स्वजन के लिए खरीदा था।
उमेश को चार दिसंबर को रांची से दिल्ली होते हुए इंदौर जाना था। लेकिन रांची एयरपोर्ट पर ही बार-बार उड़ान को विलंबित किया गया। आखिर उड़ान रद हो गई और उन्हें दो विकल्प दिए गए। इसके बाद छह दिसंबर का टिकट मिला। रांची से कोलकाता और कोलकाता से इंदौर। छह तारीख को एक बार फिर उड़ान रद हो गई। सात तारीख को एक बार फिर कोशिश हुई और उन्हें कोलकाता से दिल्ली और फिर दिल्ली से भोपाल का टिकट मिला। भोपाल के आगे उन्हें बस की यात्रा करनी होगी। परेशान उमेश बताते हैं कि रांची से इंदौर की यह यात्रा उन्हें जीवनपर्यंत याद रहेगी।
मलेशिया से आए सुंदरम नाथन को रविवार को चौथे दिन भी वाराणसी में लगेज नहीं मिला। वह गुरुवार शाम पांच बजे अहमदाबाद से वाराणसी पहुंचे थे। विमान में उनका एक बैग ही आया। एक दूसरा बैग जिसमें दवाएं आदि थीं, वह नहीं मिला। इसकी शिकायत भी की, लेकिन एयरलाइन के अधिकारियों ने बताया कि वह अहदमबाद में छूट गया है। उन्हें मंगलवार को वापस मलेशिया जाना है। अधिकारियों ने कहा है कि सोमवार को भी बैग नहीं आता तो उनका बैग मलेशिया में बताए पते पर भेजा जाएगा।
