हजारीबाग वन भूमि घोटाला: गिरफ्तार विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह फरार, ACB की तलाश जारी
हजारीबाग के बहुचर्चित वन भूमि घोटाले की नामजद आरोपित स्निग्धा सिंह फरार हैं। उनकी तलाश में एसीबी के अधिकारियों की एक टीम रविवार को लखीसराय पहुंची थी। स्निग्धा सिंह नेक्सजेन ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह की पत्नी हैं और वन भूमि घोटाला केस में एसीबी थाना हजारीबाग में दर्ज नामजद आरोपित हैं।
विनय सिंह उक्त केस में गिरफ्तार हैं और वर्तमान में हजारीबाग के जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में बंद हैं। विनय सिंह निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के सहयोगी हैं जिनपर विनय कुमार चौबे के काले धन के निवेश का भी आरोप हैं। उनके एक भाई बिहार में एमएलसी हैं। एसीबी रांची में दर्ज शराब घोटाला केस में भी निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के साथ-साथ विनय सिंह भी आरोपित हैं। विनय सिंह के प्रत्येक अपराध में एसीबी ने उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को भी बराबर का आरोपित माना है।
एसीबी हजारीबाग व एसीबी रांची के अधिकारियों की एक टीम रविवार की सुबह स्निग्धा सिंह की तलाश में विनय सिंह के पैतृक गांव बिहार के लखीसराय जिले के नयासराय स्थित उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। उनका कुछ पता नहीं चल सका है।
वन भूमि घोटाले की नामजद आरोपित स्निग्धा सिंह को एसीबी ने उक्त केस में एक के बाद एक कई नोटिस भेजा और पूछताछ के लिए एसीबी हजारीबाग स्थित कार्यालय में बुलाया। लगातार नोटिस के बावजूद वह एसीबी के सामने उपस्थित नहीं हुईं। इसके बाद एसीबी ने स्निग्धा सिंह का गिरफ्तारी वारंट निकाला है और उनकी तलाश कर रही है। स्निग्धा सिंह फिलहाल फरार हैं। एसीबी उनसे वन भूमि घोटाला के साथ-साथ शराब घोटाला मामले में भी पूछताछ करना चाह रही है।
हजारीबाग में आईएएस विनय कुमार चौबे के उपायुक्त के कार्यकाल में ही वन भूमि का निबंधन व जमाबंदी विनय सिंह व उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के नाम पर हुआ था। इस मामले में एसीबी ने सबसे पहले आईएएस विनय कुमार चौबे को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके सहयोगी विनय कुमार सिंह, तत्कालीन अंचलाधिकारी शैलेश कुमार आदि की गिरफ्तारी हुई है। दो दिन पहले इस मामले में आठ अन्य आठ आरोपित भी गिरफ्तार हुए हैं।
