गोवा अग्निकांड: 25 मौतों के बाद गरमाया मुद्दा, भाजपा विधायक ने की ‘सेफ्टी ऑडिट’ की मांग
गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 महिलाएं और 20 पुरुष शामिल थे। इस दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।
भाजपा विधायक माइकल लोबो ने रविवार को इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और गोवा के सभी क्लबों के लिए तत्काल सेफ्टी ऑडिट की मांग की। उन्होंने कहा, “मैं इस घटना से बहुत दुखी हूं। 25 लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन महिलाएं और 20 पुरुष शामिल हैं। कुछ टूरिस्ट थे, जबकि ज्यादातर स्थानीय लोग थे जो रेस्टोरेंट के बेसमेंट में काम कर रहे थे। हमें गोवा के बाकी सभी क्लबों का सेफ्टी ऑडिट कराना होगा, जो बहुत जरूरी है।”
लोबो ने आगे कहा कि पर्यटक हमेशा से गोवा को एक बहुत सुरक्षित जगह मानते आए हैं, लेकिन आग लगने की यह घटना बहुत परेशान करने वाली है, और भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने से हुई क्योंकि वे बेसमेंट की तरफ भागे थे। इन जगहों पर टूरिस्ट और कर्मचारियों की सुरक्षा बहुत जरूरी है।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी अरपोरा आग की घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
