यूपी में 69 करोड़ की लागत से बनेगी डबल लेन सड़क, 3 जिलों के बीच आवागमन होगा बेहतर
सुलतानपुर में 69 करोड़ रुपये की लागत से डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। 5.30 मीटर चौड़ी यह सड़क क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर करेगी और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी।
दोस्तपुर से बिजेथुआ महावीरन मार्ग अभी सिंगल लेन है, जिसे अब डबल लेन बनाया जाएगा। इससे पौराणिक स्थल हनुमान जी का दर्शन करना आने वाले समय में सुगम हो जाएगा। पहले इस परियोजना के लिए 37 करोड़ 50 लाख का बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन अब शासन ने टेंडर रद्द कर बजट को बढ़ाकर 69 करोड़ 12 लाख 76 हजार रुपये कर दिया है।
इस मार्ग के बन जाने से श्रद्धालु दोस्तपुर-अंबेडकर नगर होते हुए सीधे अयोध्या बिजेथुआ से पहुंच सकेंगे। पहले 37 करोड़ 50 लाख रुपये का एस्टीमेट बना था, तब इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण व चौड़ीकरण की योजना थी। लखनऊ- वाराणसी नेशनल हाईवे से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली इस सड़क को अब लिंकरोड के रूप में बनाया जाएगा। यह बिजेथुआ महावीरन से होकर जाएगी।
सड़क को 5.30 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। निर्माण के लिए सड़क के किनारे की कुछ जमीन भी अधिग्रहित की जाएगी, जिसका मुआवजा किसानों को दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, लागत बढ़ने का एक कारण जमीन अधिग्रहण सहित अन्य खर्चे हैं, जो अब मूल लागत में जुड़ गए हैं। किसानों को सर्किल रेट से चार गुना रेट पर मुआवजा दिया जाएगा।
विधायक राजेश गौतम का कहना है कि बिजेथुआ महावीरन का विकास उनका लक्ष्य है। बिजेथुआ कॉरिडोर और सूरापुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाना ही मेरा लक्ष्य है। यह सड़क लगभग 70 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी जो विधानसभा की सबसे ज्यादा लागत की सड़क होगी।
