अहमदाबाद प्लेन क्रैश की जांच पर बड़ा अपडेट: सरकार ने संसद में बताया कब आएगी फाइनल रिपोर्ट
अहमदाबाद में 12 जून को हुए भीषण विमान हादसे की जांच पर सरकार ने संसद में बड़ा अपडेट दिया है। सिविल एविएशन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने गुरुवार को बताया कि एयर इंडिया प्लेन क्रैश की जांच अभी भी चल रही है और इसकी फाइनल रिपोर्ट जारी नहीं हुई है। यह जानकारी सांसद शफी परम्बिल के एक सवाल के जवाब में दी गई।
यह हादसा 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया बोइंग 787-8 विमान के टेक-ऑफ के तुरंत बाद हुआ था। इस दुर्घटना में 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सिर्फ एक यात्री ही बच पाया था।
मंत्री ने बताया कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) एयरक्राफ्ट नियम-2025 के तहत इस हादसे की जांच कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुरुआती रिपोर्ट 12 जुलाई को प्रकाशित हुई थी, लेकिन वह केवल शुरुआती सबूतों पर आधारित थी।
मोहोल ने कहा कि जांचकर्ता अभी भी क्रैश के सभी संभावित कारणों की गहराई से जांच कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि जब तक पूरी जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता है। फाइनल रिपोर्ट जांच पूरी होने के बाद ही जारी की जाएगी।
हादसों की रोकथाम के उपायों पर सरकार ने बताया कि डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के पास उड़ानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत सिस्टम मौजूद है।
