साइबर ठगों ने बदला पैंतरा: आतंकी कनेक्शन और ई-चालान के नाम पर कर रहे ठगी, रहें सावधान!
कानपुर में साइबर अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पुलिस के जागरूकता अभियानों के बावजूद ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग अब ज्वलंत मुद्दों का फायदा उठाकर लोगों को डराते हैं या लालच देकर उनके बैंक खाते खाली कर देते हैं।
पहले ठग ओटीपी पूछकर ठगी करते थे। जब लोग जागरूक हुए तो उन्होंने क्यूआर कोड भेजकर पैसे मंगवाने का झांसा देना शुरू कर दिया। अब ठगों ने बिल्कुल नया तरीका अपनाया है। वे दिल्ली बम धमाके में आतंकी जुड़ाव की धमकी देकर लोगों को डरा रहे हैं।
इसके अलावा, ई-चालान के भुगतान के लिए व्हाट्सएप पर फर्जी लिंक भेजकर भी ठगी की जा रही है। एक अन्य तरीका यह है कि फेसबुक पर विज्ञापन देकर अखाद्य तेल की सप्लाई का झांसा दिया जाता है, जिसमें पहले आर्डर लेकर बाद में फर्जी पर्ची भेजकर भुगतान करा लिया जाता है। यशोदा नगर के एक तेल कारोबारी से इसी तरह 34 लाख रुपये की ठगी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ठगों के पास भले ही नए तरीके हों, लेकिन बचाव का एकमात्र तरीका जागरूकता है। लोगों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या किसी धमकी के झांसे में आने से बचना चाहिए।
