मां श्रीदेवी की मौत के बाद जाह्नवी कपूर ने क्यों नहीं देखा टीवी? एक्ट्रेस ने बताई दर्दभरी वजह
दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने हाल ही में एक कार्यक्रम में अपनी मां के निधन के बाद के मुश्किल समय को याद किया। उन्होंने खुलासा किया कि मां श्रीदेवी की मौत के बाद उन्हें लंबे समय तक टीवी देखने की अनुमति नहीं थी। जाह्नवी ने इस दौरान मीडिया और सोशल मीडिया की संस्कृति पर भी बात की बात की, जहां निजी दुख को भी सनसनीखेज बना दिया जाता है।
जाह्नवी ने कहा, “मीडिया कल्चर और इंटरनेट मीडिया की ताक-झांक करने की संस्कृति ने इंसानी नैतिकता को पटरी से उतारने में योगदान दिया है। जब मैंने अपनी मां को खोया था, वह डरावना समय था। कोई कल्पना भी नहीं कर सकता कि किसी इतने करीब को खोने का दर्द कैसा होता है और फिर उसे मीम बनते देखना कैसा लगता है।” उन्होंने आगे कहा कि हर बार जब ऐसे वीडियो को व्यूज, कमेंट्स या लाइक्स मिलते हैं, तो हम इस संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। जाह्नवी ने बताया कि उस दौर में उन्हें काफी समय तक टीवी देखने नहीं दिया गया, लेकिन फिर भी चीजें सामने आती रहती थीं। जाह्नवी ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे मीडिया कवरेज ने उनके परिवार के लिए उस दुखद समय को और भी कठिन बना दिया था।
