UP Board Exam 2026: 81 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी, राजकीय स्कूलों का बढ़ा कद, 4 दिसंबर तक दें आपत्ति
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट की आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा केंद्र की अंनतिम सूची जारी कर दी है। फिलहाल बोर्ड ने परीक्षा के लिए 81 केंद्र निर्धारित किए हैं। खास बात यह है कि राजकीय स्कूलों का कद बढ़ाया गया है। वहीं सहायता प्राप्त स्कूलों पर कम भरोसा दिखाते हुए 20 निजी स्कूलों को भी सूची में स्थान दिया गया है। सूची जारी होने के बाद स्कूलों से चार दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं।
बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण को लेकर पिछले महीने से ही विभाग द्वारा गतिविधियां संचालित की जा रही थी। जिले के 575 विद्यालयों द्वारा माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर डाटा अपलोड किया गया था, इसी डाटा के आधार पर बोर्ड द्वारा आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए जारी की गई सूची में 81 स्कूलों को स्थान दिया गया है। जिले में 25 राजकीय स्कूल हैं जिनमें 17 स्कूलों को बोर्ड ने केंद्र बनाते हुए पिछले साल के सापेक्ष कद बढ़ा दिया है। पिछले साल दर्जनभर राजकीय स्कूल ही केंद्र बनाये गए थे। इसी तरह जिले में 54 सहायता प्राप्त स्कूलों के सापेक्ष 44 स्कूलों को शामिल किया गया है। दूसरी ओर पहली सूची में ही 20 वित्त विहीन स्कूल भी जगह पाने में सफल रहे हैं। इस तरह बोर्ड परीक्षा के लिए प्रस्तावित केंद्र की सूची में निजी माध्यमिक स्कूलों को फिलहाल सीमित रखा गया है।
यहां बता दें कि पिछले साल भी बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण के अंतर्गत अनंतिम सूची में भी 81 स्कूलों को ही केंद्र बनाया गया था, लेकिन आपत्तियां और विद्यार्थी आवंटन को लेकर समस्याओं के निस्तारण के बाद 11 परीक्षा केंद्र और बढ़ाए गए तथा 92 परीक्षा केंद्र पर परीक्षा आयोजित की गई। पिछले साल 56000 से अधिक परीक्षार्थी सम्मिलित हुए वहीं इस साल भी हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट दोनों के परीक्षार्थियों की संख्या 56300 के लगभग है। ऐसी स्थिति में अभी भी माना जा रहा है कि फाइनल सूची में केंद्र की संख्या में और भी इजाफा हो सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत ने बताया है कि बोर्ड परीक्षा 2026 को नकलविहीन तथा शासन की मंशा के अनुरूप संपादित करने के लिए फिलहाल 81 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। केंद्र सूची के साथ परीक्षार्थी आवंटन भी स्पष्ट हो गया है। उन्होंने बताया है कि केंद्र सूची पर किसी भी विद्यालय को किसी भी तरह की आपत्ति है तो वह चार दिसंबर तक निर्धारित प्रारूप पर साक्ष्यों सहित आपत्ती प्रत्यावेदन विभाग की ईमेल आईडी पर दे सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
शादी की खुशियां बदली मातम में, बर्रों के हमले से सेवानिवृत्त हवलदार की मौत
एटा: दो बच्चों को कमरे में बंद कर 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस
नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष के रोड शो में उमड़ी भारी भीड़, एटा पुलिस को करना पड़ा रूट डायवर्ट!
एटा में दिल दहला देने वाला हादसा: मिट्टी की ढाय गिरी, बच्चों को बचाते हुए महिला की मौत, तीन घायल
