रुद्रपुर: एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से मातम, हार्ट अटैक और सड़क दुर्घटना ने ली जान
कोतवाली क्षेत्र के मल्लाह नगर गांव में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। एक साथ दो मौत की जानकारी के बाद से गांव में भी मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक मल्लाह नगर गांव निवासी 30 वर्षीय सुखपाल पुत्र मथुरा प्रसाद ट्रक चालक था। गत 7 दिसंबर को वह ट्रक में माल लेकर रुद्रपुर जा रहा था, रास्ते में अचानक छाती में दर्द और घबराहट हुई। परिचालक ने चिकित्सक तलाशा, तब तक उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर परिजन गांव आए और कछला घाट पर अंत्येष्ठि कर दी।
उसी रात परिवार के एक अन्य युवक की मौत की जानकारी चंडीगढ़ से मिल गई। परिजनों ने बताया कि सुखपाल की मौत की जानकारी पर मृतक के चाचा भूरे पुत्र मथुरा प्रसाद अपनी पत्नी के साथ गांव आ रहे थे। सात दिसंबर की रात्रि करीब पौने दस बजे भूरे के 20 वर्षीय पुत्र राम के साथ चंडीगढ़ में सड़क दुर्घटना हो गई। इसके बाद परिजन मेरठ से ही वापस लौट गए। राम के शव को भी पोस्टमार्टम के बाद गांव मल्लाह नगर लाया गया और कछला घाट पर अंत्येष्ठि की गई।
