पटना के बेउर जेल में अचानक छापेमारी, वार्ड से रसोई तक खंगाले अधिकारी, सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा
आदर्श केंद्रीय कारा बेउर में शनिवार की सुबह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। सुबह पांच बजे से सात बजे तक चले इस तलाशी अभियान में जेल के हरेक वार्ड, परिसर, रसोईघर सहित अन्य सभी संभावित जगहों की गहन जांच की गई। इस दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था की भी बारीकी से समीक्षा की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जेल के अंदर से किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित न हो सके।
छापेमारी का नेतृत्व एसपी पूर्वी, एसपी मध्य और एडीएम ने किया, जिसमें कई थानों की पुलिस बल भी शामिल थी। सभी बंदियों को उनके वार्डों में ही रखा गया था और कुछ बंदियों से पूछताछ भी की गई। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि यह एक रूटीन छापेमारी थी और किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, सूत्रों की मानें तो कुछ अपराधी जेल के भीतर से ही आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान जेल का मुख्य गेट बंद कर दिया गया था और किसी भी व्यक्ति को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं थी। सुरक्षा बलों ने पहले जेल परिसर को चारों ओर से घेर लिया और फिर सभी वार्डों, बैरकों, कैंटीन, अस्पताल, मुलाकात कक्ष और अन्य संदिग्ध जगहों की तलाशी ली गई। दीवारों और बिस्तरों की भी बारीकी से जांच की गई।
