भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 111 बोतल शराब संग दो तस्कर गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 111 बोतल देशी-विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह संयुक्त अभियान मधवापुर के पास चलाया गया, जहां गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी के मधवापुर और परसा कैंप के जवानों ने पुलिस के साथ मिलकर यह सफलता हासिल की।
सूत्रों के अनुसार, एसएसबी जवानों को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि नेपाल से शराब की एक बड़ी खेप भारत में तस्करी कर लाई जाने वाली है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एसएसबी और मधवापुर थाना पुलिस ने सीमा पिलर संख्या 297/1 के पास परसा गांव के भारतीय क्षेत्र में लगभग 150 मीटर अंदर दो व्यक्तियों को दो बाइकों पर आते देखा।
जांच के दौरान, दोनों बाइकों से कुल 111 बोतल विभिन्न किस्मों की देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों तस्करों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र के पुपरी निवासी सोनू कुमार और राजा बाबू के रूप में हुई है।
कैंप इंस्पेक्टर ऋषिकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही जवानों को सतर्क कर दिया गया था और संयुक्त टीम ने सीमा पर घेराबंदी कर दी थी। इस कार्रवाई में शराब की खेप के साथ-साथ शराब ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया गया है।
एसएसबी ने गिरफ्तार तस्करों और जब्त की गई शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए मधवापुर थाना पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष हर्ष राज ने बताया कि पकड़े गए तस्करों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई सीमावर्ती इलाकों में चल रही शराब तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
