0

कौशल शर्मा के हरफनमौला खेल से लोको की शानदार जीत, डीआरएम कप के सेमीफाइनल में प्रवेश

By Dec 5, 2025

चतुर्थ डीआरएम कप क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को खेले गए रोमांचक क्वार्टर फाइनल मैचों में लोको विभाग और परिचालन विभाग ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है।

पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में परिचालन विभाग और यांत्रिक विभाग आमने-सामने थे। यांत्रिक विभाग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। परिचालन विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 151 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ललित वर्मा ने 36 गेंदों पर 44 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यांत्रिक विभाग की टीम लय नहीं पकड़ सकी और 16.1 ओवर में मात्र 88 रन पर ऑलआउट हो गई। परिचालन विभाग ने यह मैच 63 रनों के बड़े अंतर से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मैच में शिवम पाठक का प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा, जिन्होंने हैट्रिक सहित कुल 4 विकेट लिए और अपनी टीम की जीत की नींव रखी। उन्हें सीनियर डीओएम कुलदीप मीना द्वारा मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

दिन के दूसरे और निर्णायक क्वार्टर फाइनल में लोको विभाग का मुकाबला इंजीनियरिंग विभाग से हुआ। लोको विभाग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंजीनियरिंग विभाग की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवरों में 78 रनों पर सिमट गई। प्रशांत चौधरी ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी लोको विभाग की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। मात्र 8.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर 79 रन बनाकर उन्होंने यह मैच 8 विकेट से जीत लिया। लोको विभाग की इस एकतरफा जीत के हीरो रहे कौशल शर्मा, जिन्होंने न केवल 20 गेंदों में 39 रनों की तूफानी पारी खेली, बल्कि गेंदबाजी में भी कहर बरपाया। उन्होंने अपने 3.2 ओवरों में मात्र 4 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। कौशल शर्मा के इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार उन्हें विवेक मोहन यादव द्वारा प्रदान किया गया।

मैचों के दौरान मंडल खेलकूद अधिकारी सनत जैन, रजत पुरवार, मंडल खेलकूद सचिव धीरज शर्मा, देवेन्द्र प्रताप झा, देवेन्द्र शाक्य, शशांक जैन, अजीत सिंह, प्रणयेन्द्र, अंकुर कर्माकर, रवि कसाना, संदीप शुक्ल, समय सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अंपायर विवेक यादव, जितेन्द्र बघेल और सुरेद्र सिंह ने निष्पक्ष अंपायरिंग की।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें