ग्रेटर नोएडा: तेज रफ्तार ट्रक ने ली बाइक सवार की जान, 100 मीटर तक घिसटा शव
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार युवक गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी बाइक के साथ ट्रक के नीचे फंस गया और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। इस भयावह घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान हल्दौनी गांव निवासी राधेश्याम झा के रूप में हुई है, जो नोएडा के सेक्टर-45 निवासी गौरव भाटिया के यहां ड्राइवर के तौर पर काम करते थे। रोज की तरह ही ड्यूटी समाप्त कर वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी ईकोटेक तीन क्षेत्र में यह हादसा हुआ। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पीड़ित के बेटे कन्हैया लाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी ट्रक चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस घटना ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता बढ़ा दी है।
