धर्मेंद्र को याद कर सलमान खान हुए भावुक, बिग बॉस के मंच पर छलके आंसू
बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र के आकस्मिक निधन की खबर ने पूरे मनोरंजन जगत को स्तब्ध कर दिया है। 24 नवंबर को इस दुनिया को अलविदा कहने वाले धर्मेंद्र के जाने से उनके फैंस और करीबियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सलमान खान, जो धर्मेंद्र को पिता समान मानते थे, उनके निधन से गहरे सदमे में हैं।
इस सदमे का असर सलमान खान पर इस कदर है कि वह बिग बॉस 19 के वीकेंड का वार की मेजबानी करने तक की स्थिति में नहीं थे। सूत्रों के अनुसार, सलमान ने इस हफ्ते शो होस्ट करने से मना करने की भी सोची थी, लेकिन जिम्मेदारियों के चलते उन्होंने यह फैसला टाल दिया। हाल ही में बिग बॉस 19 के मंच पर, जब सलमान खान अशनूर कौर के एविक्शन का फैसला सुना रहे थे, तब वह एक पल के लिए भावुक हो गए।
अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए सलमान खान ने कहा, “कभी-कभी लगता है कि यह सब मैं फराह और रोहित शेट्टी पर छोड़ दूं लेकिन जिम्मेदारियां हैं। यह हफ्ते वैसे ही जो गुजरा है, वो मन्नतें मांगकर, दुआएं-प्रार्थनाएं करके, आंसुओं के साथ गुजरा है।”
उन्होंने आगे कहा, “एक बहुत ही बड़ा झटका लगा है, फैंस को बहुत बड़ा झटका लगा है। इंडस्ट्री को एक बहुत ही बड़ा लॉस और सदमा लगा है। मुझे लगता है कि आप समझ रहे हैं कि मैं किनकी बात कर रहा हूं। खैर, गॉड ब्लेस। काश में इस हफ्ते का वीकेंड का वार नहीं कर रहा होता लेकिन जिंदगी चलती रहती है।”
सलमान खान के ये शब्द धर्मेंद्र के प्रति उनके गहरे स्नेह और सम्मान को दर्शाते हैं। धर्मेंद्र हमेशा से सलमान के लिए एक प्रेरणास्रोत रहे हैं और उनके जाने से सलमान खान को व्यक्तिगत और व्यावसायिक दोनों स्तरों पर एक बड़ी क्षति महसूस हो रही है।
फिलहाल, सलमान खान अगले हफ्ते बिग बॉस सीजन 19 का ग्रैंड फिनाले होस्ट करेंगे। इसके बाद वह अपनी आगामी फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हो जाएंगे। वह अपूर्व लखिया की आगामी मूवी ‘बैटल ऑफ गलवान’ में मेजर संतोष बाबू का किरदार निभाते नजर आएंगे।
