भाखड़ा पुल पर भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल
ऊधम सिंह नगर जिले में भाखड़ा पुल पर एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें दो युवकों की जान चली गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शनिवार देर रात उस समय हुआ जब रुद्रपुर की ओर लौट रहे चार युवक, जिनकी कार भाखड़ा पुल के निकट एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई।
सूत्रों के अनुसार, कार सवार युवक बिलासपुर, उत्तर प्रदेश में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात लगभग तीन बजे, चारों युवक कार में सवार होकर वापस रुद्रपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भाखड़ा पुल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े धान से लदे एक ट्रैक्टर-ट्राली के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में कार सवार आशीष बिष्ट (24 वर्ष) पुत्र करण सिंह, निवासी तोमर कालोनी, मादपुर कोटद्वार, और अतुल बिष्ट (27 वर्ष) पुत्र प्रकाश सिंह बिष्ट, निवासी कैमरी, बिलासपुर, रामपुर, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उनके दो अन्य साथी, रोहित सिंह और राजेंद्र रावत, गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए रुद्रपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
