सास ने फोन पर बात की शिकायत, बहू ने की निर्मम हत्या, शव फंदे पर लटकाया
मैनपुरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बहू ने सिर्फ इसलिए अपनी सास की जान ले ली क्योंकि सास ने उसकी फोन पर बात करने की शिकायत कर दी थी। घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव धारऊ की है, जहां 47 वर्षीय विधवा तारावती का शव शुक्रवार शाम को घर के आंगन में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पुत्र नीशू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी नेहा अक्सर फोन पर किसी से बात करती रहती थी। इस बात की शिकायत तारावती ने नेहा के पिता से कर दी थी, जिससे नेहा काफी नाराज चल रही थी। शुक्रवार शाम को नेहा ने नीशू को फोन कर घर बुलाया और कहा कि उसके फूफा उदयपाल और बहन पूजा आए हुए हैं, और वे फोन पर बात करने के आरोप पर बात करेंगे। जब नीशू घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर खटखटाने के बाद जब दरवाजा खुला, तो उसने देखा कि आंगन में उसकी मां का शव फंदे से लटका हुआ है।
नीशू ने अपनी पत्नी नेहा, उदयपाल और बहन पूजा से पूछा कि उन्होंने उसकी मां को क्यों मारा, तो तीनों ने मिलकर उसकी भी पिटाई कर दी। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर पत्नी नेहा, उसकी बहन पूजा, फूफा उदयपाल और महावीर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
