दिल्ली एमसीडी उपचुनाव आज: 7 लाख मतदाता 53 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे
राजधानी दिल्ली में आज नगर निगम (एमसीडी) की 12 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस उपचुनाव में 7 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 53 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान सुबह 7:30 बजे से शुरू होकर शाम 5:30 बजे तक चलेगा।
चुनाव आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कुल 143 स्थानों पर 580 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 24 स्थानों पर 109 मतदान केंद्र संवेदनशील माने गए हैं। इन संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। चुनाव के मद्देनजर 2265 पुलिस कर्मी, 580 होम गार्ड और 13 कंपनियां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती की गई है।
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने ‘हर वोट को अनमोल’ का नारा देते हुए मतदाताओं से बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लेने की अपील की है। चुनाव आयुक्त विजय देव ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में शामिल होने का आह्वान किया है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए, आयोग ने प्रत्येक वार्ड में एक पिंक बूथ और एक मॉडल बूथ स्थापित किया है। मतदान केंद्रों पर मोबाइल रखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जहाँ टोकन के बदले मोबाइल जमा किए जा सकेंगे और मतदान के बाद टोकन दिखाकर मोबाइल वापस लिया जा सकेगा। आयोग ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि 10 वार्डों में 99 से 100 प्रतिशत मतदाताओं तक मतदान पर्ची पहुंचा दी जाए। वजीरपुर और राजेंद्र नगर जैसे क्षेत्रों में पर्ची पहुंचाने का अभियान देर रात तक जारी रहा।
मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे, जो उन मतदाताओं को पर्ची उपलब्ध कराएंगे जिन्हें अभी तक नहीं मिली है। इसके अतिरिक्त, हर मतदान केंद्र पर एक सेल्फी प्वाइंट और क्यूआर कोड के माध्यम से फीडबैक देने की सुविधा भी दी गई है। नागरिक निगम चुनाव दिल्ली ऐप के माध्यम से मतदान केंद्रों पर भीड़ या लाइन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
चूंकि केवल 12 सीटों पर मतदान होना है, इसलिए मतदान दलों को एक दिन पूर्व पहुंचने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें सुबह जल्दी मतदान केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं और तड़के तीन से चार बजे तक ईवीएम उपलब्ध करा दी जाएगी।
इस उपचुनाव में कुछ प्रमुख हस्तियां भी मतदान करेंगी। शालीमार बाग-बी वार्ड से पार्षद रहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी अपने वार्ड में मतदान करेंगी, जहाँ उनके पार्षद पद से हटने के बाद रिक्त हुई सीट पर चुनाव हो रहा है। इसी प्रकार, द्वारका-बी वार्ड में पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत भी मतदान में हिस्सा लेंगी। जिन सीटों पर उपचुनाव हो रहा है, वहां से निर्वाचित विधायक भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिन वार्डों में उपचुनाव हो रहा है उनमें चांदनी महल, द्वारका-बी, ढिचाऊं कलां, नारायणा, मुंडका, संगम विहार-ए, दक्षिण पूरी, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर शामिल हैं।
