10 ग्राम का नीलकंठी पक्षी, 10 हजार किमी की उड़ान भरकर आगरा पहुंचा
आगरा: प्रकृति की अद्भुत रचनाओं में से एक, मात्र 10 ग्राम वजन और 12-14 सेंटीमीटर आकार का नीलकंठी (ब्लूथ्रोट) पक्षी, अपनी नन्ही काया में अदम्य जिजीविषा का परिचय देते हुए 10 हजार किलोमीटर की लंबी हवाई यात्रा तय कर आगरा पहुंचा है। यह छोटा प्रवासी पक्षी सर्दियों के मौसम में हर साल भारतीय उपमहाद्वीप को अपना ठिकाना बनाता है।
आगरा कॉलेज की जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सरकार ने बताया कि ब्लूथ्रोट पक्षी, पुरानी दुनिया के फ्लाईकैचर परिवार का एक गौरैया जैसा दिखने वाला पक्षी है। हिंदी में इसे नीलकंठी के नाम से जाना जाता है। वैज्ञानिक वर्गीकरण के अनुसार, यह पैसरिफोर्मेस गण और मस्किकैपिडे परिवार के अंतर्गत आता है। विश्वभर में इसकी 10 उप-प्रजातियां पाई जाती हैं।
विश्वविद्यालय के जंतुविज्ञान विभाग के प्रो. विश्वकांत गुप्ता के अनुसार, यह एक कीटभक्षी पक्षी है जो भारत में सितंबर से अप्रैल माह तक प्रवास पर रहता है। प्रवास के दौरान यह पक्षी वेटलैंड, नहरों के किनारे, धान के खेतों, नदी तटों और दलदली नम क्षेत्रों में आसानी से देखा जा सकता है।
बायोडायवर्सिटी रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी के पक्षी विशेषज्ञ डा. केपी. सिंह के अनुसार, भारत के उत्तर और उत्तर-पूर्व हिस्से में पाई जाने वाली इस प्रजाति का वैज्ञानिक नाम लुसिनिया स्वेसिका है। नर नीलकंठी की पहचान उसके गले पर मौजूद गहरी नीली पट्टी और लाल-मेहरून रंग के धब्बे से होती है, जबकि मादा के गले पर यह पैटर्न अपेक्षाकृत हल्का होता है। यह पक्षी पश्चिमी अलास्का, रूस के साइबेरिया और उत्तरी चीन के क्षेत्रों में प्रजनन करता है। वहां से यह सेंट्रल एशियन फ्लायवे के रास्ते उड़ान भरते हुए भारतीय उपमहाद्वीप में प्रवेश करता है और आगरा जैसे उत्तर भारतीय शहरों को अपना सर्दियों का ठिकाना बनाता है। इतनी सूक्ष्म काया के बावजूद इतनी लंबी उड़ान भरना इसे प्रकृति का एक अद्वितीय चमत्कार बनाता है।
फ्लैट देने में विफल बिल्डर को 29.80 लाख रुपये लौटाने का आदेश
आगरा के 12 चेहरों को मिलेगा डिजाइनर कैलेंडर पर छाने का मौका
जल निगम के कार्य में बाधा, पार्षद के घर में घुसकर मारपीट, चाकू भी लहराया
पिस्टल तानकर छत से फेंका, मकान पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष
संदिग्ध हालत में होटल में ठहरा युवक झुलसा, हालत गंभीर, आगरा रेफर
आगरा: राइफल साफ करते सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गोली लगने से मौत, परिवार सदमे में
मोबाइल कवर में छिपाकर चांदी की चोरी, शातिर ठेकेदार और कारीगर गिरफ्तार
आगरा वायुसेना स्टेशन पर आतंकी हमला: मॉक ड्रिल में दो संदिग्ध गिरफ्तार
