चंडीगढ़ में शीश मार्ग यात्रा का भव्य स्वागत, सीएम सैनी ने किया अभिनंदन
चंडीगढ़ में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष को समर्पित शीश मार्ग यात्रा का बुधवार को भव्य स्वागत किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीआरपीएफ कैंपस पहुंचकर पवित्र पालकी साहिब को नमन करते हुए यात्रा का अभिनंदन किया। इस अवसर पर सीआरपीएफ यूनिट द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब पर पुष्प वर्षा करते हुए यात्रा को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री सैनी ने इस दौरान कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का बलिदान संपूर्ण मानवजाति के लिए एक अद्वितीय प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने जिस साहस, सत्य और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, वह पूरे विश्व के लिए एक मिसाल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह शीश मार्ग यात्रा हमें सांप्रदायिक सद्भाव, भाईचारे, कर्तव्यनिष्ठा और साहस के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। हरियाणा सरकार ऐसे आध्यात्मिक और सामाजिक आयोजनों के साथ सदैव खड़ी है।
यह 15वीं शीश मार्ग यात्रा, जिसका नेतृत्व बाबा मंजीत सिंह जीरकपुर वाले कर रहे हैं, 24 नवंबर को दिल्ली के शीश गंज गुरुद्वारा से प्रारंभ हुई थी। बुधवार को श्री आनंदपुर साहिब में इसका पवित्र समापन हुआ। हरियाणा में प्रवेश करने पर यात्रा का विभिन्न स्थानों जैसे बड़खालसा, तरावड़ी, करनाल, पानीपत और अंबाला में श्रद्धालुओं द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया।
यात्रा के आगमन पर संगत द्वारा जगह-जगह फूल वर्षा, कीर्तन, अरदास और लंगर सेवा का आयोजन किया गया, जिससे आध्यात्मिक वातावरण चरम पर रहा। चंडीगढ़ पहुंचने पर भी संगत ने पवित्र शब्द, कीर्तन और अरदास के माध्यम से वातावरण को गुरु के प्रति प्रेम, बलिदान और आध्यात्मिक शांति से सराबोर कर दिया। इस दिव्य यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें हरियाणा साहित्य अकादमी पंजाबी सेल के निदेशक सरदार हरपाल सिंह गिल, चंडीगढ़ भाजपा के अध्यक्ष संजय टंडन और सीआरपीएफ के पूर्व आइजी जसवीर सिंह संधू जैसे गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
