सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे
पूर्वी दिल्ली में सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। फर्श बाजार थाना पुलिस ने इस मामले में अमर चौधरी नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने विश्वास नगर इलाके में एक ऑफिस खोल रखा था, जहां से वह बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता था।
पुलिस को रोहितणी निवासी प्रेम सिंह नामक एक व्यक्ति से ठगी की शिकायत मिली थी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि नौकरी की तलाश में वह विश्वास नगर में स्थित एक ऑफिस में गया था। वहां उसकी मुलाकात अमर चौधरी और सोनू नामक दो व्यक्तियों से हुई। उन्होंने खुद को ‘इंफ्लुएंसर’ बताते हुए प्रेम सिंह से सरकारी नौकरी लगवाने के एवज में 55 हजार रुपये की मांग की और पीड़ित से यह रकम वसूल ली।
कई दिनों तक जब नौकरी का कोई अता-पता नहीं चला तो पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले इन लोगों ने पीड़ित को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर डराने की कोशिश की। इसके बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर फर्श बाजार थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फर्श बाजार थानाध्यक्ष अजय करण शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी निगरानी का सहारा लिया। गहन जांच और तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने आरोपी अमर चौधरी को विश्वास नगर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में कई अन्य ठगी के मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल उसके साथी सोनू की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने कितने बेरोजगारों से नौकरी के नाम पर ठगी की है और कुल कितनी रकम वसूली है।
