सोनीपत की 5 कॉलोनियों को मिलेगी राहत! नियमितीकरण का रास्ता साफ, निवासियों को मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं
सोनीपत की पांच अनियमित कॉलोनियों को नियमित करने की दिशा में नगर परिषद ने संशोधित प्रस्ताव तैयार किए हैं। इन प्रस्तावों को दोबारा मुख्यालय भेजा जाएगा, जहां कॉलोनियों को नियमित करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इन कॉलोनियों में विष्णु नगर एक्सटेंशन, मीनाक्षी कॉलोनी पार्ट एक व दो, श्रीराम शरणम कॉलोनी और बलराज एंड चोपड़ा कॉलोनी शामिल हैं।
इससे पहले परिषद ने जो प्रस्ताव भेजे थे, उनमें कॉलोनियों के आसपास और बीच में मौजूद खाली जमीन को भी शामिल कर दिया गया था। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के नए नियमों के अनुसार केवल विकसित हिस्सों को ही प्रस्ताव में शामिल किया जा सकता है, जबकि खाली भूमि को बाहर रखना होता है। मुख्यालय ने प्रस्तावों का अध्ययन करने के बाद इस पर आपत्ति जताते हुए इन्हें संशोधित करने के निर्देश दिए थे।
नगर परिषद ने इसके बाद इन कॉलोनियों का दोबारा सर्वे करके ड्राइंग तैयार कराई। इस बार प्रत्येक कॉलोनी में वास्तविक आबादी, रास्तों, सार्वजनिक उपयोग की सुविधाओं का सर्वे किया गया। संशोधित प्रस्तावों में केवल वही क्षेत्र शामिल किए गए हैं जहां वास्तविक रूप से निर्माण और आबादी मौजूद है। खाली जमीन और बीच में आने वाले प्लॉट को प्रस्ताव से बाहर कर दिया गया।
संशोधित प्रस्तावों को जल्द डीएमसी के माध्यम से मुख्यालय भेजा जाएगा। मुख्यालय की तरफ से प्रस्ताव मंजूर होने पर इन पांच कॉलोनियों में विकास कराने का रास्ता खुल जाएगा। फिलहाल इन कॉलोनियों में गलियां कच्ची हैं और सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइटों जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। दो वर्ष में गोहाना की लगभग आठ कॉलोनियां पहले ही नियमित हो चुकी हैं, जिससे निवासियों को काफी राहत मिली है।
