28 साल का फरार गैंगस्टर दोस्त से मिलने आया, पुलिस ने दबोचा
औरंगाबाद पुलिस ने 28 वर्षों से फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी मुखबिर द्वारा दी गई सटीक सूचना पर पवसरा मार्ग से की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान जितेंद्र पुत्र राजवीर सिंह, निवासी चूहड़पुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र गैंगस्टर एक्ट में वर्ष 1997 से फरार चल रहा था। मंगलवार को मुखबिर ने थाना प्रभारी को सूचना दी कि आरोपी औरंगाबाद-पवसरा मार्ग पर अपने एक साथी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार गैंगस्टर जितेंद्र ने बताया कि वह खानौदा गांव निवासी अपने दोस्त से मिलने के लिए आया था और उसका इंतजार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) द्वारा इस आरोपी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र के खिलाफ बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर जिलों में कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया जा सके। यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है, जो लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
