आगरा के 11 साल के कबीर राजपूत ने अंडर-14 टेस्ट में बनाए नाबाद 512 रन, तूफानी पारी से क्रिकेट जगत में सनसनी | agra news
उत्तर प्रदेश के आगरा में क्रिकेट जगत को एक नया सितारा मिला है। मलपुरा स्थित केके शर्मा क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेले जा रहे अंडर-14 तीन दिवसीय टेस्ट मैच के दौरान 11 वर्षीय कबीर राजपूत ने अपनी बल्लेबाजी से ऐतिहासिक करिश्मा कर दिखाया। उन्होंने महज 307 गेंदों का सामना करते हुए 166.78 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 512 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 80 चौके और 10 छक्के शामिल रहे, जिसने मैदान पर मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया।
यह मुकाबला केके शर्मा इलेवन और कबीर कार्तिक प्लेइंग इलेवन के बीच युवा खिलाड़ियों को लंबे प्रारूप का अनुभव देने के लिए आयोजित किया गया था। दाएं हाथ के बल्लेबाज और लेग स्पिनर कबीर ने मैदान के चारों ओर बेहतरीन शॉट्स खेले। उनकी निरंतरता और संयम के आगे विरोधी टीम के गेंदबाजों की हर रणनीति फैल साबित हुई। स्थानीय खेल प्रेमियों का मानना है कि इस तरह के मुकाबलों से जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखरने का बड़ा अवसर मिलता है, जिससे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होते हैं।
मूल रूप से धनौली के रहने वाले योगेश राजपूत के बेटे कबीर साढ़े सात साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहे हैं। कक्षा पांच के छात्र कबीर अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन को देते हैं। वह रोजाना सुबह चार बजे उठकर अभ्यास के लिए मैदान पर पहुंचते हैं। अकादमी के कोच केके शर्मा के अनुसार, इतनी कम उम्र में एक दिन में पांच सौ से अधिक रन बनाना असाधारण उपलब्धि है। इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद कबीर अब आगे के जिला और राज्य स्तर के मुकाबलों के लिए अपनी तैयारी में जुट गए हैं।
