मुख्यमंत्री धामी ने 26 मदरसों को सौंपे मान्यता प्रमाण-पत्र, आधुनिक शिक्षा पर जोर
देहरादून: उत्तराखंड में अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के 26 मदरसों को मान्यता प्रमाण-पत्र सौंपे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों के लिए सिर्फ किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। उन्हें व्यावहारिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा भी मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुसार आगे बढ़ सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के माध्यम से डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का उद्देश्य किसी वर्ग को निशाना बनाना नहीं, बल्कि सभी बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार का जोर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर है।
कार्यक्रम के दौरान 26 मदरसों को मान्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सरकार की इस पहल को अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
