आगरा के युवक की मध्य प्रदेश में गोली मारकर हत्या, परिवार ने साढ़ू पर लगाया हत्या का आरोप
आगरा के फतेहाबाद कस्बे के मल्लाह टोला निवासी रामरतन उर्फ कटप्पा की मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपनी ससुराल बरेह, थाना अम्बाह क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से जा रहा था। ससुराल पहुंचने से कुछ पहले ही अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद उसका शव कार के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही अम्बाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई भगवानदास ने इस हत्या को एक सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने रामरतन के साढ़ू प्रकाश निवासी मातापुरा (अम्बाह) और ससुर रामदीन पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों ने करीब आठ दिन पहले रामरतन को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके चलते यह वारदात की गई। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ नामजद कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।
इस घटना के बाद रामरतन का परिवार सदमे में है। वह अपने पीछे पत्नी गुड़िया, 11 वर्षीय पुत्र रोहित और नौ वर्षीय पुत्र मोहित को छोड़ गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।
