योगी का बुलडोजर एक्शन: 14 साल पुराने अवैध निर्माणों पर चला LDA का हंटर
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जों और निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की है। बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने शाहजहांपुर रोड स्थित सूफी टोला में दो प्रमुख अवैध बारातघरों को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई सपा और बसपा शासनकाल के दौरान 14 साल पुराने अवैध निर्माणों पर की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सूत्रों के अनुसार, ‘एवाने-ए-फरहत’ बारातघर के संचालक सरफराज वली खां और ‘गुड मैरेज हॉल’ के संचालक राशिद खां ने वर्षों पूर्व आवासीय निर्माण कराए थे। हालांकि, सपा सरकार के दौरान सत्ता से जुड़े लोगों के संरक्षण और अपने रसूख के बल पर उन्होंने इन स्थानों पर बिना बरेली विकास प्राधिकरण से नक्शा पास कराए व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बारातघरों का निर्माण कर लिया। नियमों को ताक पर रखकर सड़क को ही पार्किंग में बदल दिया गया और किराए के रूप में बड़ी धनराशि की वसूली की जाने लगी।
बुधवार को बीडीए की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ इन दोनों अवैध बारातघरों पर बुलडोजर चला दिया। सुबह आठ बजे ही संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में दो बुलडोजर और एक पोकलैंड मशीन सूफी टोला पहुंची, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे इन निर्माणकर्ताओं के रसूख पर भी करारा प्रहार हुआ है।
यह मामला तब और भी महत्वपूर्ण हो जाता है जब पता चलता है कि इन अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण आदेश अक्टूबर 2011 में ही पारित कर दिए गए थे। उस समय प्रदेश में बसपा की सरकार थी। हालांकि, 2012 में सपा सरकार आने के बाद फाइल को दबा दिया गया और कार्रवाई रुक गई। अब 14 साल बाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में इन अवैध निर्माणों पर अंतिम कार्रवाई की गई है।
