‘सिफारिश’ पर भड़के Vishal Dadlani, नेता और सिंगर को किया ब्लॉक, इंडस्ट्री को दिया कड़ा संदेश
संगीत जगत में ‘सिफारिश’ (Sifaarish) और भाई-भतीजावाद पर अक्सर बहस होती रही है। इसी बीच, जाने-माने संगीतकार विशाल ददलानी ने इस चलन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि उन्होंने एक राजनेता और एक उभरते हुए गायक को ब्लॉक कर दिया है। ददलानी ने आरोप लगाया कि ये लोग राजनीतिक संपर्कों का इस्तेमाल कर उनसे काम पाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया।
विशाल ददलानी ने अपने पोस्ट में साफ कहा कि नए गायकों को अपने टैलेंट पर भरोसा रखना चाहिए, न कि ‘मंत्री जी’ या उनके सचिव के फोन कॉल पर। उन्होंने लिखा, “नए गायकों के लिए सलाह: मुझे किसी मंत्री जी या उनके सचिव से फोन मत करवाओ। यह गारंटीड तरीका है कि मैं तुमसे कभी नहीं मिलूंगा। जो लोग ‘संपर्कों’ के जरिए आगे बढ़ना चाहते हैं, उनके लिए मेरे मन में कोई सम्मान नहीं है।”
ददलानी ने आगे कहा कि जिस व्यक्ति ने यह कोशिश की, उसे और उसके संपर्क सूत्र (मंत्री जी) दोनों को ब्लॉक कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही वह गायक कितना भी अच्छा हो, अब वह उसके साथ काम करने में रुचि नहीं रखते। उन्होंने नए कलाकारों को धैर्य रखने और कड़ी मेहनत करने की सलाह दी। ददलानी ने कहा कि सिफारिश करना यह दिखाता है कि आपको अपने टैलेंट पर भरोसा नहीं है।
