UPPSC परीक्षा: फोटो स्टेट और साइबर कैफे बंद, मोबाइल पर भी प्रतिबंध; जानें नए नियम
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक अध्यापक स्नातक प्रशिक्षित की 6 दिसम्बर को होने वाली परीक्षा के 440 कक्ष निरीक्षकों को जिला विद्यालय निरीक्षक रवीन्द्र सिंह के नेतृत्व में प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्र में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित कर दिया है। परीक्षा केन्द्रों के निकट सभी फोटोकॉपी एवं साइबर कैफे की दुकानें प्रातः 5 बजे से सायं 5 बजे तक, परीक्षा समाप्ति तक बंद रहेंगी।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 13 स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा तिथि से पूर्व आयोग की अनुदेश पुस्तिका का गम्भीरतापूर्वक अध्ययन कर लें तथा अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले परीक्षा केन्द्र/केन्द्रों का तत्काल भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें। परीक्षा से सम्बन्धित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं आयोग की अनुदेश पुस्तिका के अनुसार पूर्ण कराई जाएं। डीएम ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्राधीक्षक तथा परीक्षा कार्य से जुड़े कार्मिकों एवं पुलिस कर्मियों को परीक्षा प्रारम्भ होने से तीन घंटे पूर्व अर्थात प्रातः 6:30 बजे तक परीक्षा केन्द्र पर पहुंचकर ड्यूटी पर उपस्थित होना अनिवार्य किया है। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर उषा सिंह तथा डीआईओएस रवीन्द्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त) इस परीक्षा के केन्द्रों के जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। परीक्षा समय में निरन्तर भ्रमणशील रहेंगे तथा समस्त निर्देशों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखेंगे, जबकि एडीएम प्रशासन के कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम परीक्षा के दिन प्रातः 6.30 बजे से सायं 5 बजे तक कार्य करेंगा। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे, जो अपने दो कार्मिकों के साथ उपस्थित रहकर नियंत्रण कक्ष का कुशल संचालन सुनिश्चित करेंगे। वे प्राप्त समस्याओं को पंजीकृत कर उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान कराएंगे। नियंत्रण कक्ष का टेलीफोन नंबर 0565/2471128 होगा। इस नियंत्रण कक्ष में पुलिस विभाग का एक अधिकारी भी मौजूद रहेगा।
