UP News: भोले बाबा मिल्क प्रोडक्ट पर IT Raid तीसरे दिन भी जारी, GST की भी नजर
उत्तर प्रदेश के खेरेश्वर स्थित भोले बाबा मिल्क प्रोडक्ट पर आयकर विभाग की छापेमारी तीसरे दिन भी जारी रही। आगरा और अलीगढ़ आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने कंपनी के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर कार्रवाई की है, जिसमें अलीगढ़ में स्थित उत्पादन यूनिट भी शामिल है। तीसरे दिन मुख्य रूप से कंपनी के अधिकारियों के बयान दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
आयकर विभाग की टीम ने भोले बाबा मिल्क प्रोडक्ट के परिसर में एकाउंट सेक्शन, फैक्ट्री के भीतर रखी अलमारियों और पुराने कंप्यूटरों की गहन छानबीन की। कंपनी को दूध की सप्लाई करने वाले आपूर्तिकर्ताओं के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। आयकर विभाग के अफसरों की कार्रवाई के बाद अब जीएसटी विभाग ने भी कंपनी पर नजरें गड़ा दी हैं और जल्द ही नोटिस जारी कर सकता है।
जांच में पिछले पांच सालों में दूध के उत्पादन और खरीद-बिक्री के डाटा को खंगाला जा रहा है। आईटी अफसरों के अनुसार, अभी तक की जांच में सामने आया है कि अधिकांश खरीद और बिक्री कच्चे पर्चे पर की जा रही थी। फर्म द्वारा पिछले पांच सालों में दाखिल किए गए रिटर्न और आय के बीच के अंतर का मिलान किया जा रहा है।
जांच सुबह से लेकर शाम तक चलती है, और आयकर अधिकारी रात को भी परिसर में ही रुक रहे हैं। गेट पर केंद्रीय सुरक्षाबल के जवान तैनात किए गए हैं, जो भीतर आने-जाने वालों की चेकिंग कर रहे हैं। हालांकि, फैक्ट्री में आ रहे माल की आवाजाही और उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा है। जांच अभी एक दिन और चलने की संभावना है।
