यूपी मंत्री का यू-टर्न: बोले सलमान नहीं, शाहरुख हैं ‘देशद्रोही’; विवादित बयान पर मचा बवाल
उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने पहले अभिनेता सलमान खान को देशद्रोही करार देते हुए कहा था कि उन्हें पाकिस्तान से अधिक प्रेम है और यदि ऐसा है तो उन्हें वहीं चले जाना चाहिए। मंत्री ने यहाँ तक कह दिया था कि सलमान खान को फांसी होनी चाहिए और उनकी फिल्में नहीं देखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सलमान खान भारतीय हिंदुओं से पैसा कमाकर पाकिस्तान और बांग्लादेश के मुसलमानों का समर्थन करते हैं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर बयान के वायरल होने के बाद मंत्री का एक और बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने गलती से सलमान का नाम लिया था और वे अभिनेता शाहरुख खान के बारे में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सलमान खान एक अच्छे अभिनेता हैं। मंत्री के इन दोनों बयानों ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं और वे एक बार फिर अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में हैं।
यह पहली बार नहीं है जब मंत्री रघुराज सिंह ने ऐसा विवादित बयान दिया हो। इससे पहले भी वे ‘जितना पढ़ा-लिखा मुसलमान, उतना बड़ा आतंकी’ जैसे बयान दे चुके हैं, जिन पर काफी बवाल मचा था।
मंत्री के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर तंज कसते हुए कहा कि कहीं यह बयान दिल्ली तक न पहुंच जाए और मंत्री जी की ‘डोर कट जाए’।
