UP infrastructure news: फरवरी 2026 तक पूरा होगा गंगा एक्सप्रेसवे, योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में चल रही प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य को फरवरी 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की कनेक्टिविटी को ऐतिहासिक मजबूती देगा और औद्योगिक, कृषि तथा लॉजिस्टिक्स गतिविधियों के लिए एक मजबूत आधार बनेगा।
गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों से होकर गुजरेगा और 500 से अधिक गांवों को सीधा लाभ पहुंचाएगा। सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रफनेस इंडेक्स और राइडिंग कम्फर्ट इंडेक्स जैसे आधुनिक तकनीकी मानकों का उपयोग किया जा रहा है। परियोजना में वे-साइड अमेनिटीज, रेस्ट एरिया और रोड सेफ्टी फीचर्स को उच्च मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के तीसरे चरण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को वैश्विक कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार सृजन का प्रमुख केंद्र बनाएगा। इसके शुभारंभ से राज्य एयर कार्गो हब के रूप में नई संभावनाओं को आगे बढ़ाएगा।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब और मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर के मजबूत होने से उद्योगों की लागत कम होगी और उत्तर प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग व सप्लाई-चेन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में, मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल योजना’ की समीक्षा की। इस योजना के तहत प्रदेश के 75 जिलों में 150 मॉडल स्कूल स्थापित किए जाने हैं। उन्होंने इन स्कूलों के निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
